छिंदवाड़ा/बालाघाट मे PWD के कार्यपालन यंत्री कमल किशोर सिंगोरे के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति की शिकायत पर आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (EOW) जबलपुर ने बड़ी कार्रवाई की है।
DSP मंजीत सिंह ने ने बताया कि जांच के दौरान अधिकारी की आय की तुलना में 200 से 400 प्रतिशत से अधिक व्यय और संपत्ति का पता चला था। इसके बाद न्यायालय से सर्च वारंट लेकर बालाघाट, छिंदवाड़ा और भोपाल में एक साथ छापेमारी की गई।
EOW की कार्रवाई में अब तक करीब 10 लाख रुपए नकद बरामद हुए हैं। इसके अलावा Scorpio N, Mahindra XUV, एक ट्रैक्टर और तीन दोपहिया वाहन मिले हैं, जिनकी कुल कीमत करीब 60 लाख रुपए आंकी गई है।
तलाशी के दौरान करीब आधा किलो सोना और 2 किलो चांदी के आभूषण भी मिले हैं। इनकी कीमत का आकलन फिलहाल किया जा रहा है।
जांच में 8 बैंक खातों का भी पता चला है, जिन्हें सील करने की कार्रवाई की जा रही है।
EOW के मुताबिक रोहिणी खुर्द में एक फार्महाउस होने की जानकारी भी सामने आई है, जिसकी तलाशी अभी की जानी है। भोपाल स्थित किराए के मकान में कार्रवाई पूरी हो चुकी है, जबकि छिंदवाड़ा में जांच और तलाशी की कार्रवाई जारी है।
अधिकारियों के अनुसार अब तक सामने आई संपत्ति और खर्च का आकलन करने पर यह राशि अधिकारी की ज्ञात आय से करीब 400 प्रतिशत अधिक पाई गई है। मामले में आगे की जांच के बाद संपत्ति और बरामदगी का आंकड़ा बढ़ सकता है।

















