पीएम जनमन फेस-2.0 के मेगा ईवेंट की तैयारियों का शुभारंभ।

श्री बादलभोई जनजातीय स्वतंत्रता संग्राम सेनानी संग्रहालय की प्रगति की समीक्षा: त्रुटिरहित निर्माण और उत्कृष्टता पर जोर
कलेक्टर शीलेन्द्र सिंह द्वारा दी गई पीएम जनमन योजना की प्रगति की विस्तृत जानकारी, शिक्षा और स्वास्थ्य पर विशेष जोर

केन्द्रीय राज्य मंत्री
जनजातीय कार्य मंत्रालय भारत सरकार दुर्गादास उईके ने आज जिले का दौरा किया । केन्द्रीय राज्य मंत्री उईके के जिले में आगमन पर सर्किट हाउस में सांसद विवेक बंटी साहू, कलेक्टर शीलेन्द्र सिंह, एसपी मनीष खत्री, जिला आपदा प्रबंधन समिति के सदस्य शेषराव यादव और अन्य जनप्रतिनिधियों प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा उन्हें पुष्पहार और पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका आत्मीय स्वागत किया गया। केन्द्रीय राज्य मंत्री उईके ने पी.एम. जनमन फेस-2.0 के तहत आगामी माह में आयोजित होने वाले मेगा ईवेंट की तैयारियों का प्रारंभिक शुभारंभ किया। यह मेगा ईवेंट प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता में आयोजित किया जाएगा। इसके अलावा उन्होंने श्री बादलभोई जनजातीय स्वतंत्रता संग्राम सेनानी संग्रहालय के नवनिर्मित भवन का निरीक्षण कर कार्य प्रगति की बिंदुवार समीक्षा की । संग्रहालय निर्माण पर त्रुटिरहित और उत्कृष्टता के निर्देश -समीक्षा के दौरान मंत्री उईके ने सभी कार्यों को त्रुटिरहित और गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि संग्रहालय का निर्माण उत्कृष्ट होना चाहिए और किसी प्रकार की त्रुटि को तुरंत ठीक किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि संग्रहालय के निर्माण और विकास के लिए धन की कोई कमी नहीं है और जो भी आवश्यक वित्तीय सहायता होगी, वह केंद्र सरकार द्वारा प्रदान की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को इस परियोजना को सर्वोत्तम तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए ताकि यह संग्रहालय राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सके। संग्रहालय में छिन्दवाड़ा के आदिवासी इतिहास को समाहित करने के निर्देश – केंद्रीय राज्य मंत्री दुर्गादास उईके ने छिन्दवाड़ा के आदिवासी समाज के इतिहास और विरासत को संग्रहालय में प्रमुखता से प्रदर्शित करने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि इससे आने वाली पीढ़ियां अपने पूर्वजों की समृद्ध संस्कृति और इतिहास को जान सकेंगी। इसके अतिरिक्त उन्होंने भगवान राम और शबरी के ऐतिहासिक और पवित्र प्रसंग को संग्रहालय के हिस्से के रूप में जोड़ने के निर्देश दिये, जिससे संग्रहालय को और अधिक समृद्ध और जानकारी पूर्ण बनाया जा सके।
पीएम जनमन योजना की प्रगति पर कलेक्टर श्री सिंह द्वारा दी गई जानकारी- कलेक्टर शीलेन्द्र सिंह द्वारा 15 नवम्बर 2023 से अब तक पीएम जनमन के तहत जिले में किए गए कार्यों की योजनावार जानकारी मंत्री उईके को प्रदान की गई। उन्होंने प्रधानमंत्री जनमन योजना के तहत लागू की गई प्रमुख योजनाओं, उनके उद्देश्यों और उनकी वर्तमान प्रगति के बारे में बताया। उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और बुनियादी ढांचे के विकास के लिए किए गए कार्यों को विशेष रूप से रेखांकित किया। इसके साथ ही जनजातीय समुदायों के जीवन स्तर को ऊंचा उठाने के लिए चल रही विभिन्न सरकारी पहलों का भी उल्लेख किया।